बच्चों एवं माताओं में दिखा उत्साह, पोषण और बाल विकास को लेकर हुई जागरूकता

जय प्रकाश पोर्ते की रिपोर्ट -तारों, बोड़ला। महिला एवं बाल विकास विभाग की बोड़ला परियोजना अंतर्गत ग्राम पंचायत तारों के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 एवं 3 में संयुक्त रूप से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े बच्चों, माताओं एवं ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बच्चों एवं माताओं के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बाल पोषण, बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। माताओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और बच्चों के साथ सामूहिक गतिविधियों में सहभागिता की।
अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सामाजिक प्रमुख बाराती झारिया, बूथ अध्यक्ष कृत साहू, बूथ सचिव राम जी झारिया, महिला प्रमुख राजेश्वरी साहू, भाजपा कार्यकर्ता गिरजा झारिया एवं मितानिन श्यामा झारिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं श्रीमती दुर्गेश्वरी झारिया, सावित्री डहरिया एवं मोनिका झारिया तथा सहायिकाओं श्रीमती राजिम यादव, दिव्या झारिया एवं रानू झारिया की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
बच्चों और माताओं में रहा उत्साह
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं की सामूहिक सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ पोषण से संबंधित सामग्री एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों को भी प्रदर्शित किया गया। इससे माताओं को बच्चों के संतुलित पोषण एवं देखभाल के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल का स्थान ही नहीं, बल्कि माताओं एवं समुदाय को बाल स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से आंगनबाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच सहभागिता और मजबूत होती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
