प्रधान संपादक जय प्रकाश पोर्ते


*कंटेनर ट्रक के गोपनीय चेम्बर से 407 किलो 330 ग्राम गाँजा बरामद, उत्तरप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार।*

*उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था गाँजा, तस्करी के लिए ट्रक में बनाया गया था विशेष गोपनीय चेम्बर।*

*192 पैकेटों में भरा 4 क्विंटल से अधिक गाँजा बरामद, अनुमानित कीमत 2 करोड़ 03 लाख 66 हजार 500 रुपये।*

*गाँजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक एवं मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जप्त।*

*आरोपियों के विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध।*

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम  जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही करने हेतु सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजाक/क्राइम  प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय मार्ग पर विशेष निगरानी एवं संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।

कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर लगातार सतर्क निगरानी एवं संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में थाना चिल्फी पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर एन.एच.-30 पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गोपनीय चेम्बर से 192 पैकेटों में भरा कुल 407 किलो 330 ग्राम गाँजा बरामद किया गया। मामले में उत्तरप्रदेश के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर गाँजा तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक एवं मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जप्त किया गया है।

दिनांक- 23.11.2026 को थाना चिल्फी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक कंटेनर ट्रक, जिसकी बॉडी के दोनों तरफ अंग्रेजी में PADHAN लिखा हुआ है, में दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गाँजा रखकर रायपुर, कवर्धा एवं चिल्फी के रास्ते जबलपुर, मध्यप्रदेश की ओर परिवहन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु विशेष टीम का गठन किया गया।

सूचना के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजाक/क्राइम  प्रशांत देवांगन थाना चिल्फी पहुंचे तथा थाना प्रभारी निरीक्षक  बीरेंद्र वर्मा एवं पुलिस टीम के साथ थाना चिल्फी के सामने एन.एच.-30 मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच प्रारंभ की गई।

इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का कंटेनर ट्रक घाटी की तरफ से आते दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम द्वारा रोककर गवाहों के समक्ष पूछताछ की गई। वाहन चालक ने अपना नाम राजू यादव पिता सुनील कुमार, उम्र 27 वर्ष तथा उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम विकास यादव पिता जयसिंग यादव, उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मुड़िया खेड़ा, तहसील अतरौली, थाना गंगेरी, जिला अलीगढ़, उत्तरप्रदेश बताया।

पुलिस टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों को मुखबिर सूचना से अवगत कराकर विधिवत कंटेनर ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बने एक विशेष गोपनीय चेम्बर का पता चला। उक्त चेम्बर की जांच करने पर उसके अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे हुए कुल 192 पैकेटों में मादक पदार्थ गाँजा छिपाकर रखा हुआ मिला। बरामदगी की संपूर्ण कार्यवाही की ई-साक्ष्य के अंतर्गत वीडियोग्राफी कराई गई तथा गवाहों के समक्ष विधिवत पंचनामा तैयार किया गया।

बरामद मादक पदार्थ की पहचान एवं परीक्षण हेतु आवश्यक प्रक्रिया अपनाई गई। नारकोटिक ड्रग्स डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर परिणाम सकारात्मक प्राप्त हुआ। इसके पश्चात इलेक्ट्रॉनिक तराजू से सभी 192 पैकेटों का पृथक-पृथक वजन कराया गया, जिसमें कुल 407 किलो 330 ग्राम गाँजा होना पाया गया।

*उड़ीसा से उत्तरप्रदेश तक फैले गाँजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा*

आरोपियों से गाँजा के परिवहन एवं उससे संबंधित दस्तावेजों के संबंध में थाना चिल्फी पुलिस टीम एवं कबीरधाम पुलिस ए.एन.टी.एफ. टीम द्वारा पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दिनांक 17.11.2026 को कंटेनर ट्रक लेकर अलीगढ़ से निकले थे तथा दिनांक 21.11.2026 को उड़ीसा के सुनकीघाटी में ट्रक के ड्राइवर सीट के केबिन के ऊपर बने गोपनीय चेम्बर में लगभग 4 क्विंटल गाँजा भरकर दिया गया था। इसके बाद दोनों आरोपी उक्त गाँजा लेकर रायपुर, कवर्धा एवं चिल्फी मार्ग से अलीगढ़, उत्तरप्रदेश की ओर जा रहे थे। प्रकरण में गाँजा की आपूर्ति एवं परिवहन से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है।

*दो आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जप्त*

थाना चिल्फी पुलिस द्वारा आरोपी राजू यादव एवं विकास यादव को दिनांक 23.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से बरामद गाँजा, परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक तथा मोबाइल फोन को नियमानुसार जप्त किया गया है।

जप्त मशरूका –

– मादक पदार्थ गाँजा – 407 किलो 330 ग्राम, अनुमानित कीमत 2 करोड़ 03 लाख 66 हजार 500 रुपये।
– कंटेनर ट्रक – अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये।
– रेडमी कंपनी का ग्रे रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये।

कुल जप्त मशरूका – 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये।

थाना चिल्फी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को दिनांक 24.11.2026 को माननीय विशेष न्यायाधीश एन.डी.पी.एस. एक्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है। प्रकरण में गाँजा की आपूर्ति करने वाले अन्य व्यक्तियों, तस्करी के नेटवर्क तथा वित्तीय लेन-देन के संबंध में विवेचना जारी है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय मार्गों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं सघन वाहन जांच की जा रही है। पुलिस की सतर्कता एवं तत्परता से गाँजा तस्करी का प्रयास विफल करते हुए दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा बड़ी मात्रा में गाँजा एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जप्त किया गया है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। सीमावर्ती एवं अंतर्राज्यीय मार्गों पर पुलिस की निगरानी तथा संदिग्ध वाहनों की जांच को और प्रभावी बनाते हुए मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

उक्त संपूर्ण कार्यवाही में वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजाक/क्राइम  प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक  बीरेंद्र वर्मा, एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान एवं टीम थाना चिल्फी पुलिस टीम से सउनि  बीरबल साहू, आरक्षक 472, 07, 318, 553, 759 एवं अन्य थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed